Buland kesari/लुधियाना पुलिस ने शिमलापुरी इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है। उम्मीद है कि पुलिस आज इस हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर कई लोगों का कर्ज था और आर्थिक तंगी के चलते उसने पैसों के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी मृतक दंपती का परिचित था। इस मामले को सुलझाने में पुलिस को ह्यूमन इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण मदद मिली, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
क्या था दोहरा हत्याकंड
मृतक दंपती के शव बेड के पास पड़े मिले थे और दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह 10:40 बजे उनकी बेटी का फोन आया था, जिसने बताया कि वे फोन नहीं उठा रहे हैं और घर जाकर देखने को कहा।
इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। उनके साथ साले का बेटा भी था। घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था और कमरे का दरवाजा भी लॉक था। बाहर एक्टिवा और कार खड़ी मिली। दरवाजे पर हल्की कुंडी लगी थी और अंदर से बदबू आ रही थी। धक्का देने पर दरवाजा खुल गया।
मृतकों की पहचान 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरमीत कौर (73) के रूप में हुई है, जो शिमलापुरी इलाके के जनता नगर में रहते थे। दोनों की पंखे बनाने की फैक्ट्री थी, जो अब बंद हो चुकी है।
मोहल्ले के लोगों के अनुसार, दंपती को दो दिन पहले तक सामान्य रूप से गली में देखा गया था। उस समय तक सब कुछ ठीक था। शुक्रवार और शनिवार को वे बाहर नहीं निकले, जिससे किसी को कोई शक नहीं हुआ। दोपहर के समय बदबू फैलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
बेटियां विदेश में रहती हैं, बेटे की मौत हो चुकी
मृतक के रिश्तेदार बब्बल ने कहा कि दोनों 55 साल से शिमलापुरी इलाके में रह रहे थे। इनकी पांच लड़कियां हैं, इसमें से दो कनाडा में रहती हैं। एक अमेरिका और एक इंग्लैंड में रहती है। जबकि एक लड़की गाजियाबाद में रहती है। एक लड़का था, जिसकी 2006 में मौत हो चुकी थी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








