Buland kesari/लुधियाना की एक फैक्ट्री में तैनात सिक्योरिटी गार्ड पर लाखों रुपए की चोरी का आरोप लगा है। कर्मचारियों को सैलेरी देने के लिए जब मालिक ने कैश चैक किया तो चोरी का खुलासा हुआ। घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई। मामले के सामने आने के बाद टिब्बा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुभाष अरोड़ा निवासी सन व्यू एन्क्लेव, साउथ सिटी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी अंश फैब्रिक नामक फैक्ट्री महावीर जैन कॉलोनी में सेंट्रल जेल के सामने स्थित है। 8 जून 2026 को जब वह अपने दफ्तर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कर्मचारियों को वेतन देने के लिए टेबल में रखी नकदी काफी कम थी।
2 लाख रुपए आरोपी ने लौटाए
शक होने पर फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पता चला कि फैक्ट्री में तैनात सिक्योरिटी गार्ड दलजीत सिंह ने ही टेबल में रखे पैसे चोरी कर लिए थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक जब आरोपी दलजीत सिंह से पूछताछ की गई तो उसने अपने घर से 2 लाख रुपए कैश लौटाए।
फैक्ट्री से सोने का बिस्कुट भी चोरी किया
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह फैक्ट्री से सोने का बिस्कुट भी चोरी कर ले गया था। उसने आश्वासन दिया कि 10 जून 2026 तक वह सोने का बिस्कुट भी वापस कर देगा। आरोपी की पहचान दलजीत सिंह गली नंबर 20, मोहल्ला न्यू शिमलापुरी, डाबा रोड, लुधियाना के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
मामले की जांच के बाद थाना टिब्बा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 306 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








