Buland kesari/लुधियाना में एक दंपती ने देर रात जहर खाकर सुसाइड कर लिया। बेटा घर पहुंचा तो दोनों बेड पर बेसुध हालत में पड़े थे। उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें लिखा था- ‘हम अपनी जिंदगी से दुखी होकर यह कदम उठा रहे है। इसमें किसी का हाथ नहीं है। बच्चों हमें माफ कर देना।’
पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल थाना जोधां पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानिए पूरा मामला…
- गांव पमाल के रहने वाले, 3 बच्चों के पेरेंटः मृतकों की पहचान थाना जोधां के अधीन गांव पमाल गुरमीत सिंह (55) और उनकी पत्नी नरिंदर कौर (55) के रूप में हुई है। पुलिस को जानकारी के अनुसार, दंपती के तीन बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी कनाडा में रहते हैं, जबकि तीसरा बेटा लुधियाना में ही एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करता है।
- बेटे ने कई बार फोन किए, किसी ने नहीं उठायाः मंगलवार रात करीब साढ़े 3 बजे जब बेटा ड्यूटी से घर लौट रहा था तो उसने माता-पिता को कई बार फोन और मैसेज किए, लेकिन उनका मोबाइल बंद था और किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। घर पहुंचने पर उसने देखा कि दरवाजा खुला हुआ था।
- बेटा घर पहुंचा तो दोनों बेड पर बेसुध मिलेः जब बेटे ने घर के अंदर जाकर देखा तो माता-पिता बेड पर बेसुध हालत में पड़े थे। उसने आवाज दी और हिलाया तो वो हिले नहीं इसके बाद उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
- 5-6 साल से बीमार थी महिलाः मृतका के भाई पंकज ने बताया कि नरिंदर कौर पिछले 5-6 साल से बीमार थी। उनकी शुगर काफी बढ़ी हुई थी और आंखों से भी ठीक से दिखाई नहीं देता था। पत्नी की बीमारी को लेकर गुरमीत सिंह भी मानसिक रूप से काफी परेशान रहते थे।
अब पढ़िए सुसाइड नोट में दंपती ने क्या लिखा…
दंपती ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें लिखा था-
गुरमीत सिंह और नरिंदर कौर… हम अपनी जिंदगी से दुखी होकर यह कदम उठा रहे है। इसमें किसी दोस्त या रिश्तेदार का हाथ नहीं है। ना ही परिवार पर कोई कार्रवाई की जाए। मेरे बेटे मेरी किसी से कोई देनदारी नहीं है और ना ही कोई जानकारी है। जो मैंने किया अपने सिर पर किया। इसलिए बच्चों को तंग परेशान ना किया जाए। मेरे बच्चों हमें माफ कर दो। हम तुम्हारा साथ नहीं दे सके। गरीबी में जन्म लिया, गरीबी में मर गए। मैं दोबारा बयान करता हूं कि मरने पर जो लिखा सच लिखा।

पुलिस बोली- सुसाइड नोट की जांच कर रहे
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की है। थाना जोधां के एसएचओ मीत ने कहा कि इस मामले में सुसाइड संबंधी ही कार्रवाई की जा रही है। किसी को नामजद नहीं किया जा रहा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







