Buland kesari/ऑस्ट्रेलिया में रह रहे पंजाबी समुदाय को वहां की सरकार ने बड़ी राहत दी है। गृह मंत्री टोनी बर्क ने पंजाबी कम्युनिटी सहित सभी भारतीय लोगों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां करने और रैलियां निकाल डराने वाले न्यू नाजी संगठन को हमेशा के लिए बैन कर दिया है।
गृह मंत्री टोनी बर्क ने प्रतिबंध की घोषणा करते हुए साफ किया है कि अब इस संगठन से जुड़ने, इसका प्रचार करने या इसकी गतिविधियों में भाग लेने वाले किसी भी व्यक्ति को 15 साल तक की जेल की सजा हो सकती है। सरकार के इस कड़े फैसले का ऑस्ट्रेलिया में रह रहे पंजाबी समुदाय ने स्वागत किया है और इसे समाज में शांति और भाईचारे की जीत बताया है।
यह संगठन पिछले कुछ सालों से एडोल्फ हिटलर की नाजी विचारधारा का प्रचार कर रहा था और देश में रह रहे गैर-श्वेत प्रवासियों को निशाना बना रहा था। खासकर मेलबर्न और सिडनी जैसे बड़े शहरों में इस ग्रुप के लीडर थॉमस सेवेल ने प्रवासियों के खिलाफ कई रैलियां निकाली थीं।
यह ग्रुप सोशल मीडिया और जमीन पर लगातार ऑस्ट्रेलियाई समाज को बांटने और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसक माहौल तैयार करने की कोशिशों में जुटा था, जिसके बाद सरकार ने नए सख्त नफरत-विरोधी कानूनों के तहत इसे गैर-कानूनी और नफरत फैलाने वाला समूह घोषित कर दिया है।

जानें पंजाबी समुदाय को कब-कब किया टारगेट…
- मई 2023 में मेलबर्न में अप्रवासियों के विरोध में निकाली रैली: 13 मई 2023 को न्यू नाजी संगठन ने मेलबर्न में एंटी इमीग्रेशन रैली निकाली। इस रैली में मुख्य निशाना भारतीय, विशेषकर वहां रह रहे पंजाबी छात्र और कामगार थे। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने भारतीय प्रवासियों को देश से बाहर निकालने के नारे लगाए थे, जिसके बाद एंटी-फासिस्ट समूहों और पुलिस के साथ उनकी हिंसक झड़प हुई थी।
- जनवरी 2024 में सिडनी रेलवे स्टेशन पर पंजाबियों को डराया: 26 जनवरी 2024 (ऑस्ट्रेलिया डे) के मौके पर थॉमस सेवेल के नेतृत्व में काले कपड़ों में सजे इस ग्रुप के सदस्यों ने सिडनी के नॉर्थ सिडनी रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। वहां से गुजरने वाले गैर-श्वेत यात्रियों, जिनमें पंजाबी और अन्य एशियाई मूल के लोग शामिल थे, को डराया-धमकाया। पंजाबियों पर पगड़ी को लेकर नस्लीय टिप्पणियां की। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया था।
- अगस्त-सितंबर 2025 में एंटी इमिग्रेशन कैंपेन लांच किया: अगस्त 2025 के आखिरी हफ्ते में थॉमस सेवेल ने पूरे ऑस्ट्रेलिया में मार्च फॉर ऑस्ट्रेलिया नामक रैलियों की कमान संभाली। इन रैलियों में सीधे तौर पर ऑस्ट्रेलिया में बढ़ रही भारतीयों और पंजाबियों की आबादी का डेटा दिखाकर सोशल मीडिया पर नफरत फैलाई। इसके तुरंत बाद ही 31 अगस्त 2025 को इस ग्रुप ने मेलबर्न के कैंप सोवरेन्टी में हिंसक हमला किया, जिसके कारण सितंबर 2025 में थॉमस सेवेल को गिरफ्तार किया गया।

जानें क्या है संगठन और क्यों लगा बैन…
- संगठन श्वेत लोगों का ही मानता है ऑस्ट्रेलिया पर अधिकार- नेशनल सोशलिस्ट नेटवर्क ऑस्ट्रेलिया का न्यू नाजी संगठन है। इसकी स्थापना साल 2020 में की गई थी। यह मुख्य रूप से मेलबर्न और ऑस्ट्रेलिया के अन्य राज्यों में सक्रिय रहा है। यह संगठन एडोल्फ हिटलर की नाजी विचारधारा और व्हाइट सुप्रीमेसी में विश्वास रखता है। इनका मानना है कि ऑस्ट्रेलिया केवल श्वेत लोगों का है और ये लोग बाहर से आकर बसे प्रवासियों, अल्पसंख्यकों और गैर-श्वेत समुदायों का पुरजोर विरोध करते हैं।
- संगठन चलाने वाले पर हिंसा-दंगे भड़काने के केस-इस संगठन का मुख्य नेता और चेहरा थॉमस सेवेल है। सेवेल एक पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सैनिक है, जो देश में नस्लीय नफरत और हिंसा फैलाने के कई मामलों में शामिल रहा है। सेवेल और उसके करीबी सहयोगियों जैकब हरसांत पर कई हिंसक हमलों, दंगे भड़काने और पुलिस अधिकारियों को डराने-धमकाने के कानूनी मामले कोर्ट में चल रहे हैं।
- फंडिंग करने वालों को भी 15 साल की सजा : इस कानून के तहत यह प्रतिबंध अनिश्चितकाल के लिए प्रभावी है। सरकार ने इसे पूरी तरह से एक गैर-कानूनी और प्रतिबंधित नफरत फैलाने वाला समूह घोषित कर दिया है। अगर कोई भी व्यक्ति इस समूह से जुड़ता है, इसे फंड देता है, इसकी ट्रेनिंग लेता है या इसका प्रचार करता है, तो उसे 15 साल तक की जेल की सजा हो सकती है।
- हिंसा के खतरे के चलते लगाया बैन: ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने देश में बढ़ती नस्लीय हिंसा और नफरत पर काबू पाने के लिए नफरत-विरोधी कानून पारित किए। गृह मंत्री टोनी बर्क के अनुसार, इस समूह की गतिविधियां समाज में हिंसा का खतरा बढ़ा रही थीं, यह संगठन अपनी रैलियों में खुलेआम नाजी सिंबल दिखाता था, नाजी सैल्यूट करता था, इसलिए इस पर 15 मई 2026 को पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








