Buland kesari/केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा सोमवार (18 मई) को गुरुग्राम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अरोड़ा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उनकी अगली पेशी 1 जून को होगी।
वहीं कोर्ट में पेशी के दौरान अरोड़ा की दाढ़ी बढ़ी हुई दिखी। इस दौरान परिवार से मिलते ही वह भावुक हो गए। उन्होंने बेटी कृतिका अरोड़ा को गले लगाया और फूट-फूट कर रो पड़े। इस दौरान बेटी की आंखों में भी आंसू नजर आए।
उधर, आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा- संजीव जी, आप बहादुर हो। देशभक्त हो। पूरे पंजाब को आप पर गर्व है।
मंत्री अरोड़ा को 9 मई को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के केस में चंडीगढ़ से अरेस्ट किया था। जिसके बाद से पहले 7 दिन, फिर 2 दिन का रिमांड लिया गया था।

वहीं गिरफ्तारी और रिमांड को चुनौती देने वाली अरोड़ा की याचिका पर आज पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी सुनवाई है। ED यहां जवाब दाखिल करेगी। मंत्री के इस मामले की आंच अब अफसरों तक भी पहुंच गई है। जिसमें IAS अफसर बसंत गर्ग समेत 3 अफसरों को ED ने तलब किया है। गमाडा के चीफ संदीप कुमार डॉक्यूमेंट्स लेकर जालंधर ED ऑफिस में पेश हो चुके हैं। अरोड़ा के 2 पार्टनरों को भी दिल्ली तलब किया गया है।
अरोड़ा के परिवार से मिलकर भावुक होने के PHOTOS…


मंत्री के साथ ये अफसर फंसे ED जालंधर के जोनल ऑफिस ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर को तलब किया है। समन जालंधर ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर अक्षय कुमार की ओर से भेजा गया था। ED ने न्यू चंडीगढ़ में रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़ा रिकॉर्ड मांगा है। इन प्रोजेक्ट्स से जुड़े कई नामी बिल्डरों के ठिकानों पर 8 और 9 मई को रेड हुई थी।
इसके अलावा ED ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर बसंत गर्ग को भी पेश होने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा पावरकॉम की डायरेक्टर (कमर्शियल) हरशरण कौर त्रेहन और कारोबारी साझेदार हेमंत सूद व चंद्रशेखर को भी तलब किया गया है।

जिन्हें ED ने तलब किया, उन पर क्या आरोप लगे
- बसंत गर्ग और हरशरण कौर: मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीएसपीसीएल के सीएमडी बसंत गर्ग (IAS) और पावरकॉम की डायरेक्टर (कॉमर्शियल) हरशरण कौर त्रेहन का नाम उस विवाद में सामने आया है, जो पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनी रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड को कथित तौर पर दिए गए लाभ से संबंधित है। कंपनी ने अपनी बिजली सप्लाई का वोल्टेज बदलने के लिए आवेदन किया था। इसके बाद कंपनी ने 2 फरवरी को करीब 1.97 करोड़ रुपए की पुरानी बैंक गारंटी वापस करने के लिए पत्र लिखा। आरोप है कि पावरकॉम ने बिना नई संशोधित बैंक गारंटी जमा करवाए ही अगले दिन, यानी 3 फरवरी को पुरानी गारंटी जारी कर दी।ईडी अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या तत्कालीन बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा के दबाव या मिलीभगत के चलते पावरकॉम के कॉमर्शियल विभाग ने नियमों को दरकिनार कर कंपनी को वित्तीय लाभ पहुंचाया।

- कारोबारी हेमंत सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल: लुधियाना के वित्तीय निवेशक हेमंत सूद, जिन्हें फाइंडोक फिनवेस्ट का प्रमुख बताया जाता है और जालंधर के कारोबारी चंद्रशेखर अग्रवाल को भी ईडी ने समन जारी किया है। दोनों को अरोड़ा के करीबी सहयोगी और कारोबारी साझेदार माने जाते हैं। ईडी के मुताबिक, संजीव अरोड़ा पर करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्तियां और गुरुग्राम में जमीन खरीदने के आरोप हैं। जांच एजेंसी को संदेह है कि कथित अवैध वित्तीय लेनदेन, शेल कंपनियों के जरिए फंड रूटिंग और संदिग्ध निवेशों के प्रबंधन में इन दोनों कारोबारियों की भूमिका हो सकती है।
- गमाडा के सीए संदीप सिंह भी तलब: ईडी ने गमाडा के सीए संदीप सिंह को भी तलब किया है। हालांकि उन पर फिलहाल किसी प्रत्यक्ष आरोप की जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, गमाडा में सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) से जुड़ी फाइलों को मंजूरी देने के रिकॉर्ड के संबंध में उनसे पूछताछ की जानी है।
संजीव अरोड़ा केस में अब तक क्या हुआ
- फर्जीवाड़े का शक (मई-अक्टूबर 2023): संजीव अरोड़ा की कंपनी HSRL पर कागजों में 157.12 करोड़ रुपए के मोबाइल बेचने और दुबई में 102 करोड़ रुपए के फर्जी एक्सपोर्ट का आरोप लगा। ईडी को फंड रूटिंग और मनी लॉन्ड्रिंग का शक हुआ।
- ईडी का पहला एक्शन (अप्रैल 2026): विदेशी लेनदेन और एक्सपोर्ट दस्तावेजों में गड़बड़ी की भनक लगने पर ईडी ने फेमा के तहत अरोड़ा और HSRL के ठिकानों पर पहली बार छापेमारी की।
- मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज (5 मई 2026): दिल्ली की शेल कंपनियों के जरिए गलत GST इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेने का खुलासा होने के बाद, ईडी ने संजीव अरोड़ा और 3 अन्य के खिलाफ PMLA के तहत नया केस दर्ज किया।
- घेराबंदी और गिरफ्तारी (9 मई 2026): चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम के 5 ठिकानों पर ईडी ने एक साथ रेड की। चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर लंबी पूछताछ के बाद शाम को संजीव अरोड़ा को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
- 7 दिन की रिमांड और सियासी बवाल (10 मई 2026): गुरुग्राम की विशेष अदालत में देर रात सुनवाई के बाद अरोड़ा को 7 दिन की ईडी रिमांड पर भेजा गया। इस गिरफ्तारी पर पंजाब में सियासी घमासान शुरू हो गया; AAP ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया, जबकि बीजेपी ने इसे भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करार दिया।
- हाईकोर्ट में चुनौती (12 मई 2026): संजीव अरोड़ा के बेटे काव्या अरोड़ा ने गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। आरोप लगाया गया कि ईडी ने महज 35 मिनट में ही 17 पन्नों का पहले से तैयार ‘अरेस्ट ग्राउंड’ सौंप दिया था।
- रिमांड बढ़ी, अफसरों पर कसा शिकंजा (16-17 मई 2026): कोर्ट ने ईडी की रिमांड 2 दिन और बढ़ा दी। इसी बीच जांच का दायरा बढ़ाते हुए ईडी ने PSPCL के CMD बसंत गर्ग, पावरकॉम की डायरेक्टर हरशरण कौर त्रेहन, गमाडा (GMADA) के अधिकारियों और हेमंत सूद व चंद्रशेखर अग्रवाल जैसे कारोबारियों को समन जारी कर दिया।
***********
ये खबर भी पढ़ें:
पंजाब के AAP मंत्री मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार: ED टीम अरोड़ा को चंडीगढ़ से दिल्ली ले गई; केजरीवाल बोले- पार्टी तोड़ने की कोशिश

केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग के केस में गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह हुई रेड के वक्त वह चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित अपनी सरकारी कोठी पर ही थे।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








