Buland kesari/लुधियाना के थाना साहनेवाल की पुलिस ने एक साइकिल कंपनी के पूर्व डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर के खिलाफ कथित धोखाधड़ी और कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोप है उसने 642 साइकिलों की हेरफेर की है। मामले की जांच भी की जा रही है।
शिकायतकर्ता डॉ. दीपक जैन निवासी हैबोवाल कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी रंजन पांडे, जो पहले एम/एस एवोन साइकिल्स लिमिटेड, जीटी रोड, ढंडारी कलां में हेड डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत था। कंपनी के ऑनलाइन बिक्री प्लेटफॉर्म अमेजन, जियोमार्ट और फ्लिपकार्ट के संचालन की जिम्मेदारी संभालता था।
स्टॉक चेक किए जाने पर 632 साइकिलें मिली
शिकायत के अनुसार कंपनी द्वारा गोदाम का स्टॉक चेक किए जाने पर 632 साइकिलें कम पाई गईं। आरोप है कि रंजन पांडे ने फ्लिपकार्ट पर अलग-अलग ग्राहकों के नाम से ऑनलाइन ऑर्डर बुक कर इन साइकिलों को बेच दिया।
इसके अलावा उसने कंपनी के माध्यम से करीब 5 लाख रुपये का लोन भी हासिल किया था, लेकिन उसकी बकाया राशि 3,05,772 रुपये संबंधित लोन विभाग में जमा नहीं करवाई गई।

लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आया आरोपी
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी लंबे समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहा है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपों को प्रथम दृष्टया सही मानते हुए केस दर्ज कर लिया।
आरोपी की पहचान रंजन पांडे निवासी निरंकारी मोहल्ला, लुधियाना तथा वर्तमान निवासी गगन नगर, ग्यासपुरा, लुधियाना के रूप में हुई है। साहनेवाल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








